आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम जिले में आज आंध्र प्रदेश पुलिस के एलीट ग्रेहाउंड्स के साथ कथित एनकाउंटर में प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) की तीन महिला सदस्य सहित कुल छह कथित माओवादी के मारे जाने की खबर है। आपको बता दें कि आंध्र प्रदेश से सटे ओडिशा के मलकानगिरि जिले में भी आज सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच गोलीबारी की घटना हुई। विश्वस्त अधिकरियों के मुताबिक मारे गए माओवादियों में जिला कमांडर सांदे गंगिया शामिल है। विशाखापत्तनम सिटी के पुलिस अधीक्षक बी कृष्ण राव ने कहा कि अब तक मारे गए पांच माओवादियों की शिनाख्त हो चुकी है जबकि एक महिला सदस्य की शिनाख्त की जानी बाकी है। उन्होंने आगे जानकारी दी कि माम्पा पुलिस थाने के तहत आने वाले तीगलमिट्टा जंगल क्षेत्र में भाकपा (माओवादी) और राज्य के नक्सल-रोधी फाॅर्स ग्रेहाउंड्स के बीच जमकर मुठभेड़ हुई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि करीब 30 माओवादी एक गुप्त बैठक के लिए जंगल में संगठित हुए हैं। उनके बारे में ये भी जानकारी मिली थी कि वे स्थानीय जनजाति एवं आदिवासियों को परेशान कर रहे थे। हमने उनकी तलाशी के लिए जंगल के दुर्गम इलाके में अपने जवानों को भेजा। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि माओवादियों ने पहाड़ी पर से पुलिस कर्मियों पर ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी और बार-बार आग्रह करने के बावजूद आत्मसमर्पण करने से साफ़ मना कर दिया। उन्होंने बताया कि आत्मरक्षा में हमारे जवानों ने भी गोली चलाई और वे जंगले में आगे की ओर बढ़े। हमें जंगल में छह माओवादियों के डेड-बॉडी मिले हैं। साथ ही घटनास्थल से भारी मात्रा में गोला-बारूद एवं राइफल बरामद हुए हैं।
वहीं, विशाखापत्तनम से करीब 200 किलोमीटर दूर पडोसी राज्य ओडिशा के मलकानगिरि जिले के कुलाबेड़ा जंगल में भी माओवादियों के साथ उस समय भारी गोलीबारी हुई जब राज्य पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के जवान ने खुफिया सूचना के आधार पर इलाके में तलाशी अभियान चलाया। मलकानगिरि के पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश खिलारी ने बताया कुलाबेड़ा गांव के पास तलाश अभियान चल रहा था, तभी माओवादियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने पहले उनसे बार-बार आत्मसमर्पण की अपील की और नहीं मानने पर जवाबी कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि हालांकि, माओवादीयों को इलाके की अच्छी जानकारी होने के फायदे होने के कारण वे दुर्गम पहाड़ियों से होकर भाग निकले। अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ के बाद इन्सास राइफल सहित बड़ी संख्या में हथियार और अन्य गोलाबारूद घटनास्थल से बरामद किया गया है।